खरगोन। भारतीय किसान संघ के बैनर तले सोमवार को क्षेत्र के हजारों किसानों ने सड़क पर उतरकर कपास, सोयाबीन, मिर्च आदि फसलों के दाम बढ़ाने की मांग को लेकर प्रभावी रैली निकाली। बैलगाड़ी और ट्रैक्टर के साथ निकली रैली में किसानों ने जमकर नारेबाजी की। बैलगाड़ी में एक किसान कांधे पर हल लिये सवार था तो वही ट्रैक्टर पर भगवान बलराम की प्रतिमा भी रखी गई। रैली पुरानी नवग्रह मेला मैदान से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए अनाज मंडी पहुंची।
यहां किसानों ने सभा के बाद विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्टर, मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन दिया गया। किसानों ने मुख्य रूप से सोयाबीन का भाव 6000 रुपए प्रति क्विंटल, कपास 10 हजार रुपये करने की मांग रखी और बताया कि वर्तमान कीमत में लागत भी नहीं निकल पा रही है। जिसे लेकर किसानों ने कृषि, बैंकिंग, सिंचाई, मंडी, राजस्व और बिजली विभाग से संबंधित कई परेशानियों का जिक्र करते हुए विभिन्न मांगों का निराकरण करने के लिए ज्ञापन सौंपा।