नीमच। शहर की कृषि उपज मंडी में कल मंगलवार को एक किसान सोयाबीन लेकर पहुंचा था। उसने हम्मालों की मदद से परिसर में उपज का ढेर लगवाया था। लेकिन कुछ ही देर बाद वह उस ढेर को लावारिस स्थिति में छोड़कर चला गया। जब नीलामी के लिए कर्मचारी 2 से 3 बार उक्त ढेर तक पहुंचा तब भी किसान मौके पर नहीं मिला। इस पर कर्मचारी ने मंडी इंस्पेक्टर समीरदास को सूचना दी। मंडी इंस्पेक्टर समीर दास ने मंडी सचिव को अवगत कराया। मंडी सचिव के निर्देश पर उक्त ढेर को जब्त कर कार्यालय में रखवाया और सीसीटीवी कैमरे खंगाले। हम्मालों से जानकारी प्राप्त की तो उक्त ढेर ग्राम दारू के पास स्थित भगवानपुरा के किसान रघुवीर सिंह का होना पाया गया। इस पर उक्त किसान को सूचित किया। किसान रघुवीर सिंह आज मंडी कार्यालय पहुंचा और आवश्यक दस्तावेज बताकर उपज अपने साथ ले गया। साथ ही मंडी सचिव सहित अन्य को धन्यवाद भी दिया।