नीमच। जिले के औद्योगिक निवेश के लिए उद्योग विभाग के पास पर्याप्त भूमि एवं भूखण्ड औद्योगिक क्षेत्रों में उपलब्ध है। टेक्सटाईल उद्योग, मसाला उद्योग, फूड प्रोसेसिंग उद्योगो की स्थापना के लिए जिले में सुविधाएं उपलब्ध है। निवेशक जिले में नवीन उद्योग स्थापित करने और निवेश के लिए आगे आए। उन्हें शासन द्वारा हर सम्भव सहयोग किया जावेगा। यह बात कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने गुरूवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष नीमच में उद्योगपतियों, उद्योगसंघपदाधिकारियों, व्यापारियों, व्यवसाईयों और अधिकारियेां की बैठक में चर्चा करते हुए कही। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अरविंद डामोर, महाप्रबंधक उद्योग अमरसिह मौरेसहित कृषि, उद्यानिकी, मण्डी, एम.पी.आई.डी.सी. सहित अन्य अधिकारी, उद्योग संघ अध्यक्ष अशोक चौरडिया भी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने कहा, कि मनासा क्षेत्र के देवरी खवासा में टेक्सटाईल उद्योग के लिए पर्याप्त जमीन एवं पानी की सुविधा उपलब्ध है। झांझरवाड़ा व बामनबर्डी के औद्योगिक क्षेत्र में भूखण्ड उपलब्ध है। कलेक्टर ने उपस्थित निवेशकों, उद्योगपतियों, व्यापारियों से चर्चा में कहा, कि वे महाप्रबंधक उद्योग एवं एमपीआईडीसी के अधिकारियों के साथ चर्चा कर, उपलब्ध औद्योगिक भूखण्डों के बारे में भी जानकारी लेकर नवीन उद्योग स्थापित करने के लिए आगे आएं। शासन, प्रशासन द्वारा उन्हें हर संभव सहयोग किया जावेगा तथा सुविधाएं मुहैया करवाई जावेगी।
बैठक में आगामी दिनों में जिला स्तर पर औद्योगिक विकास एवं नवीन उद्योग स्थापित करने के संबंध में प्रस्तावित कार्यशाला के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही इस कार्यशाला में समीपस्थ जिलों के निवेशकों , राज्य स्तरीय कलस्टरों के निवेशकों, प्रगतिशील किसानोंऔर मण्डी व्यापारियों को नवीन उद्योग स्थापित करने हेतु प्रोत्साहित करने के लिए कार्यशाला में आमंत्रित करने के संबंध में चर्चा की गई।