इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में त्योहारों पर हिंदू संगठन द्वारा लगातार विभिन्न तरह की चेतावनी जारी की जा रही है। एक बार फिर संगठन ने पटाखों पर छत्रपति शिवाजी महाराज की तस्वीर लगी होने पर आपत्ति जाहिर की है। हिंदू संगठन और समाज द्वारा आक्रोश जाहिर कर विरोध प्रदर्शन किया गया।
दरअसल, इंदौर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में पटाखे की दुकान पर मराठा समाज और अन्य समाज जनों के साथ ही हिंदू संगठन को सूचना मिली थी कि छत्रपति शिवाजी महाराज की तस्वीर से जुड़े हुए पटाखे बेचे जा रहे हैं। सूचना के बाद में तमाम लोग दुकान पर पहुंचे और दुकान संचालक से बातचीत कर उन पटाखों को बेचने से मना किया गया।
इस दौरान आक्रोश जाहिर करते हुए नारेबाजी भी की गई। मामले की जानकारी लगते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। फिलहाल पटाखा दुकान संचालक से सभी पटाखे हटवा दिए गए। संगठन का कहना है कि जो भी वैधानिक कार्रवाई होगी वह आने वाले दिनों में की जाएगी।