नीमच। ओडिशा की विश्व प्रसिद्ध जगन्नाथ पुरी रथयात्रा की तर्ज पर गुरुवार को नीमच नगरी भी भगवान श्री जगन्नाथजी की भक्ति में सराबोर हो उठी। जय जगन्नाथ के गगनभेदी जयघोष, ढोल-नगाड़ों की मंगल ध्वनि और हजारों श्रद्धालुओं की आस्था के बीच भगवान श्री जगन्नाथ, बड़े भाई बलदेवजी एवं बहन माता सुभद्रा फूलों से सुसज्जित भव्य रथ में विराजमान होकर नगर भ्रमण पर निकले। नगर के प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा और पूरा शहर मानो मिनी पुरी धाम में परिवर्तित हो गया। देर रात तक चलने वाली इस भव्य रथयात्रा में धर्म, संस्कृति, भक्ति और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।
श्रीराम मंदिर से हुआ रथयात्रा का शुभारंभ-
तिलक मार्ग स्थित श्रीराम मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना एवं महाआरती के पश्चात शाम 5 बजे रथयात्रा का शुभारंभ हुआ। जय जगन्नाथ के जयघोष, भजन-कीर्तन और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच भगवान का रथ नगर के प्रमुख मार्गों से होकर आगे बढ़ रहा है। यात्रा घंटाघर, फव्वारा चौक, कमल चौक एवं पुस्तक बाजार सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए देर रात श्री अग्रसेन वाटिका पहुंचेगी, जहां भगवान की महाआरती एवं प्रसादी वितरण के साथ रथयात्रा का समापन होगा।
उज्जैन की प्रसिद्ध अघोरी बारात और नासिक के पारंपरिक ढोल बने आकर्षण का केंद्र-
इस वर्ष रथयात्रा को विशेष रूप से भव्य स्वरूप प्रदान किया गया है। यात्रा में भगवान श्री कृष्ण, बलदेवजी एवं माता सुभद्रा की मनोहारी झांकियों के साथ विद्युत चलित आकर्षक झांकियां, पारंपरिक कच्छी घोड़ी नृत्य, लेझम पार्टी, ताशा पार्टी, झंकार मंजीरा पार्टी, उज्जैन की प्रसिद्ध अघोरी बारात तथा नासिक के पारंपरिक ढोल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। रंग-बिरंगे फूलों से सुसज्जित भगवान का दिव्य रथ नगरवासियों के लिए आस्था का विशेष केंद्र बना हुआ है।
रथयात्रा को संत-महात्माओं का पावन सान्निध्य हुआ प्राप्त
मालवा के नीमच शहर में जगन्नाथ पुरी की तर्ज पर निकल रही रथयात्रा को संत-महात्माओं का पावन सान्निध्य भी प्राप्त हो रहा है। धन्वंतरी पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर संत श्री सुरेशानंद सरस्वती महाराज एवं राष्ट्रीय संत डॉ. श्री मिथिलेशजी नागर श्रद्धालुओं को अपना आशीर्वाद प्रदान कर रहे हैं।
सर्वसमाज के सहयोग से निकाली भव्य यात्रा-
विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल, विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों तथा सर्वसमाज की सहभागिता से निकली यह भव्य रथयात्रा नगर में श्रद्धा, संस्कृति और सामाजिक समरसता का अनुपम संदेश दे रही है। समिति ने श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में रथयात्रा में शामिल होकर भगवान श्री जगन्नाथजी के दर्शन एवं पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।
यात्रा का जगह-जगह स्वागत, वॉईस ऑफ एमपी कर रहा महाकवरेज-
विश्व प्रसिद्ध जगन्नाथ पुरी की तर्ज पर नीमच में निकल रही भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा का मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर धार्मिक, सामाजिक व राजनीतिक संगठनों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया जा रहा है। भगवान की इस भव्य रथयात्रा का वॉईस ऑफ एमपी न्यूज चौनल भी महाकवरेज कर रहा है। वॉईस ऑफ एमपी अपने दर्शकों तक यात्रा से जुड़ी पल-पल की अपडेट सीधे प्रसारण के माध्यम से पहुंचा रहा है।