भोपाल। सैफिया विज्ञान महाविद्यालय भोपाल में आज संविधान दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के कम्प्यूटर विभाग में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रिज़वाना जमाल ने की। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. दिलीप सिंह(निदेशक, ग्रामीण विकास मंत्रालय) ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और संविधान दिवस के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
डॉ. दिलीप सिंह ने छात्रों को भारतीय संविधान की रचना, उसकी प्रस्तावना और लोकतांत्रिक मूल्यों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि संविधान हमारे अधिकारों और कर्तव्यों का निर्धारण करता है और समाज में समानता और न्याय सुनिश्चित करता है। वहीं छात्रों को संविधान के प्रति समर्पण और निष्ठा की शपथ दिलाई गई।
महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. विवेक मिश्रा, विभागाध्यक्ष माइक्रोबायोलॉजी ने संविधान दिवस के महत्व को रेखांकित करते हुए छात्रों को इसके इतिहास और समाज में इसकी भूमिका के बारे में बताया।
कार्यक्रम का संचालन शाज़िया असलाम, सहायक प्राध्यापक और इंजीनियर सैय्यद मिन्हाज अली, सहायक प्राध्यापक ने किया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।