देवास। बिजली के बढ़ते दामों के मद्देनजर उपभोक्ता अब अपने घरों की छत पर ही खुद बिजली बनाने लगे है। दरअसल सोलर पैनल लगाकर अपनी बिजली बनाने के लिए पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना चलाई जा रही है। इससे उपभोक्ताओं की रुचि इस ओर बढ़ने लगी है। वहीं सोलर पैनल को लेकर निजी कंपनियां भी उपभोक्ताओं को लुभावने ऑफर्स दे रही है। जिले में 738 बिजली उपभोक्ताओं द्वारा अपने घर और प्रतिष्ठान की छत का उपयोग बिजली बनाने के लिए किया जा रहा है। यह आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है।
अधीक्षण यंत्री देवास केतन रायपुरिया ने बताया कि देवास वृत्त अंतर्गत अब तक करीब 3050 आवेदन प्राप्त हुए है। जिनके विरूद्ध 738 उपभोक्ताओं द्वारा सोलर रूफ टॉप स्थापित कर वर्तमान में 1947.12 किलोवाट बिजली उत्पादन शुरू करवा दिया है। आमतौर पर घरेलू उपभोक्ता तीन किलोवॉट के सोलर संयंत्र स्थापित कर रहे है। सौर उर्जा संयंत्र लगाने के लिए योजना के पोर्टल, कंपनी के एप, वेबसाइड तथा क्यूआर कोड स्केन कर आवेदन कर सकता है।
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत घरेलू उपभोक्ताओं को एक किलोवाट से तीन किलोवाट तक सोलर पैनल लगाने पर ऊर्जा मंत्रालय 30 हजार रुपए से लेकर 78 हजार रुपए तक सब्सिडी बैंक खाते में दे रहे हैं। वहीं योजना के तहत फाइनेंसियल समस्या के मद्देनजर 25 से अधिक राष्ट्रीयकृत बैंकों को अधिकृत किया है, जो फाइनेंस कर रही हैं। इससे उपभोक्ताओं की रुचि बढ़ रही है।