उज्जैन। जैन तीर्थंकर भगवान श्री पार्श्वनाथ का जन्म कल्याणक महोत्सव नानाखेड़ा स्थित श्री नाकोड़ा पार्श्वनाथ जैन मंदिर पर बुधवार को मनाया गया। सुबह भगवान का पौष बदी दशमी का 1008 औषधियों से अभिषेक हुआ। पूजन के पश्चात निकली रथयात्रा में बड़ी संख्या में समाज जन शामिल हुए। शाम को भक्ति संध्या का आयोजन होगा।
श्री नाकोड़ा पार्श्वनाथ जैन मंदिर नानाखेड़ा पर भगवान के जन्म कल्याणक महोत्सव पर मौन व्रतधारी साधिका प्रीतिधरा श्रीजी मसा की पावन निश्रा में प्रभु पार्श्वनाथ के 1008 अभिषेक पूजन, अंगीरचना, रथयात्रा, श्रेष्ठ अनुयायियों का साधुवादन हुआ। वहीं, शाम को मंदिर पर भक्ति संध्या का आयोजन होगा।
श्री नाकोड़ा पार्श्वनाथ मंदिर के प्रमुख प्रकाशचंद्र सुराणा ने बताया-
प्रतिवर्ष भगवान का जन्म कल्याणक मनाते हैं। इसमें प्रभु पार्श्वनाथ के 1008 अभिषेक केवल उज्जैन में विशिष्ट पूजन के साथ औषधियों द्वारा किया जाता है। इससे आधि-व्याधि, दुख दूर होते हैं, और सुख संपत्ति प्राप्त होती है।
108 दीपों से महाआरती का आयोजन भी होगा
देश में सद्भावना और कल्याण की भावना के साथ अभिषेक किया जाता है। भगवान का पूजन जैन विधि अनुसार महामंत्रों के साथ विधिकारक ब्रजेश जैन द्वारा कराए गए। पूजन-अर्चन के पश्चात दोपहर में भगवान की रथयात्रा आदिनाथ मंदिर से प्रारंभ होकर नाकोड़ा पार्श्वनाथ परिसर व कॉलोनी के प्रमुख मार्गों से निकाली गई।
शाम को संध्या भक्ति, प्रभु की 108 दीपों से महाआरती का आयोजन भी रहेगा। इस अवसर पर विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, श्री नाकोड़ा पार्श्व भैरव भक्त दीपक जैन, आनंद सुराणा, सचिन नांदेचा, गोलू सुराणा, विक्की सुराणा, हर्ष सुराणा समाज जन व नगर के गणमान्य नागरिक मौजूद थे।