सिंगोली। देश में पहली से 12वीं तक के विद्यार्थियों में क्षमता और प्रतिभा पहचान के उद्देश्य कराए जाने वाली ओलंपियाड प्रतियोगी परीक्षा बुधवार को संपन्न हो गई है। सिंगोली तहसील के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर 2री से 8वीं तक के पंजीकृत कुल 3016 विद्यार्थियों में से 2989 छात्रों ने इस परीक्षा में भाग लिया है।
बुधवार शाम करीब साढ़े 5 बजे इस आशय की जानकारी देते हुए सिंगोली परीक्षा केंद्र प्रभारी रामलाल धाकड़ ने बताया कि ओलंपियाड परीक्षा एक प्रतियोगी परीक्षा होती है, जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कक्षा 1 से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न निकायों द्वारा आयोजित कराई जाती है। ओलंपियाड परीक्षाएं प्रतिस्पर्धी प्रतियोगिताएं होती हैं जिनके जरिए छात्रों की क्षमता और प्रतिभा को पहचाना जाता है।तथा इन परीक्षाओं के जरिए छात्रों को अपने बौद्धिक कौशल को प्रदर्शित करने का मौका मिलता है।
ओलंपियाड एक तरह से छात्रों के लिए समान शैक्षणिक स्तर पर अन्य छात्रों के साथ प्रतिस्पर्धा करने का साधन है। इन परीक्षाओं में गणित, विज्ञान, अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान, वाणिज्य और सामान्य ज्ञान जैसे विषयों पर आधारित कठिन प्रश्न पूछे जाते हैं। ये परीक्षा सिंगोली तहसील में कस्बा सहित कदवासा, झांतला, ताल, रतनगढ़ और जाट परीक्षा केंद्रों संपन्न कराई गई। जिनमें सिंगोली केंद्र को छोड़कर सभी केंद्रों पर शत प्रतिशत विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। सिंगोली में सीएम राइज स्कूल परीक्षा केंद्र पर 27 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे।