भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम का ट्रिपल अटैक देखने को मिल रहा है। कड़ाके की ठंड (सर्दी) के बीच बारिश और ओले का अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में चार प्रणालियों के चलते बदलाव देखने को मिल रहा है। दो दिन तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रह सकता है। 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
प्रदेश में कड़ाके की ठंड के साथ मौसम लगातार बदल रहा है। साल के आखिरी दिनों में कोहरे, बारिश और तेज हवाएं अपना रूप दिखाएंगी। प्रदेश के कई जिलों में चेतावनी जारी की गई है। गुरुवार को टीकमगढ़ और छतरपुर समेत कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हुई है। वहीं आज राजधानी भोपाल, इंदौर, जबलपुर समेत पांच संभागों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग विभाग के मुताबिक, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, विदिशा, रायसेन, सीहोर, छतरपुर, राजगढ़ और रतलाम में हल्के से मध्यम कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। 28 दिसंबर को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं के चलते की संभावना जताई गई है। गरज-चमक के साथ मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
पचमढ़ी की रात सबसे ठंडी
प्रदेश के पांच सबसे कम न्यूनतम तापमान वाले शहरों में छतरपुर के नौगांव शहर की रात सबसे ठंडी रही। यहां पारा 11 डिग्री दर्ज किया गया। नरसिंहपुर में 11.2 डिग्री, ग्वालियर में 11.9 डिग्री, मंडला में 12 डिग्री और कल्याणपुर (शहडोल) में 12.1 डिग्री दर्ज हुआ। बीते चौबीस घंटे के दौरान भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, देवास, सीहोर, निवाड़ी, पन्ना, छतरपुर, भिंड और मुरैना में हल्के से मध्यम कोहरा देखने को मिला।