देवास। कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने खातेगांव विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों का निरीक्षण कर ग्रामीणों की समस्या सुनी और समस्याओं का निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। कलेक्टर गुप्ता ने ग्रामीणों से जलजीवन मिशन, खाद वितरण, राशन वितरण, सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की। कलेक्टर गुप्ता ने कहा कि शासकीय उचित मूल्य दुकानों से मिलने वाले चावल को ग्रामीण बेचे नहीं। सरकार द्वारा आयरन युक्त चावल दिया जा रहा है, जो हमारे स्वास्थ्य के लिए लाभ दायक है। आयरनयुक्त चावल होने से यह चावल महिलाओं के लिए और भी ज्यादा लाभदायक है। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ हिमांशु प्रजापति, सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर गुप्ता ने ग्राम निवारदी के शासकीय माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। बच्चों से चर्चा कर उनसे पूछा कि स्कूल में अच्छी पढ़ाई होती है या नहीं। उनसे पढ़ाई के सम्बंध में जानकारी ली। स्कूल में स्थाई शिक्षक की कमी होने पर स्कूल में स्थाई शिक्षक की व्यवस्था के निर्देश दिए। स्कूल में स्मार्ट टीवी नहीं होने पर शिक्षक द्वारा बताया गया कि पहली टीवी चोरी होने के कारण प्रतिदिन घर ले जाते हैं। जिस पर कलेक्टर गुप्ता ने बीआरसी को निर्देश दिए कि स्कूल से टीवी घर नहीं ले जाये, स्कूल में ही सुरक्षित कक्ष की व्यवस्था कर दो दरवाजे लगाए।
कलेक्टर गुप्ता ने निवारदी ग्राम पंचायत सभाकक्ष में ग्रामीणों की समस्या सुनी। ग्राम आरोग्य केंद्र पर स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित रहते है या नहीं। राशन मिलता है या नहीं। किसानों को खाद आसानी से मिलता है या नहीं इस सम्बंध में ग्रामीणों से जानकारी ली। कलेक्टर गुप्ता ने नल जल योजना की जानकारी ली और ग्राम पंचायत भवन पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर गुप्ता ने ग्राम मचवास के शासकीय प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बच्चों की उपस्थिति कम पाई जाने पर संबंधितों से बच्चों की कमी के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर गुप्ता ने बच्चों से चर्चा की और स्कूल में क्या पढ़ाया जा रहा है जानकारी ली। कलेक्टर गुप्ता ने बच्चों की कॉपी चेक की, गलत मात्राएं होने पर शिक्षक को निर्देश दिए कि बच्चों को पेंसिल से लिखवाए। कलेक्टर गुप्ता ने स्कूल परिसर में निर्मित प्याऊ की मरम्मत के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
सीईओ जिला पंचायत हिमांशु प्रजापति ने कहा कि सुविधा एक माध्यम है। सुविधाओं का उपयोग कर बच्चे अच्छा रिजल्ट दे। बेसिक एडुकेशन राष्ट्र निर्माण के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। बच्चे शिक्षा माध्यम से आगे बढ़े, इसलिए अभिभावक बच्चों को स्कूल भेजे। बच्चे मन लगाकर पढ़ाई करें, जिससे रिजल्ट अच्छा आये। बच्चें दी गई सुविधाओं का अच्छे से उपयोग करें। इस दौरान लक्ष्मी नारायण गोरा सहित अन्य जनप्रतिनिगण, अधिकारीगण, शिक्षकगण, बेयरलॉकर उद्योग के प्रतिनिधि मुकेश मेहता, अभिभावकगण, विद्यार्थी उपस्थित थे।