भोपाल। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन के चलते केंद्र सरकार ने देश में 7 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। इस दौरान सभी मनोरंजन और भीड़ जुटाने वाले कार्यक्रमों पर रोक लगी है। लेकिन, मध्यप्रदेश में भाजपा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने 27 दिसंबर को राष्ट्रीय शोक के बीच अपना जन्मदिन धूमधाम से मनाया है।
अनिरुद्ध माधव मारू मनासा विधानसभा से बीजेपी विधायक है। शनिवार को उनके जन्मदिन के फोटो-वीडियो वायरल हो रहे हैं। जिसमें मारू के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित पार्टी में उन्हें फूलों की बड़ी माला पहनाई गई। उनके समर्थकों की ढोल बाजे बजाते हुए नारेबाजी की है।
सीएम का सिवनी दौरा हुआ निरस्त, कार्यक्रम रोके
इधर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 27 दिसंबर को सिवनी में होना वाला कार्यक्रम रद्द कर दिया था। इस कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी स्वामित्व योजना के हितग्राहियों से बात करने वाले थे। शनिवार को भी मुख्यमंत्री भोपाल में ही बैठकें ले रहे हैं। उनके कोई सार्वजनिक कार्यक्रम तय नहीं हो रहे हैं।
मंत्री सारंग ने कहा- मैं नहीं मनाऊंगा जन्मदिन
इस बीच मोहन यादव सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने 29 दिसंबर अपना जन्मदिन नहीं मनाने की बात कही है। उन्होंने एक्स पर एक वीडियो शेयर कर कहा है कि मैंने यह निश्चित किया है पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन के चलते मैं अपना जन्मदिन नहीं मनाऊंगा। यह शोक का अवसर है। मेरे सभी बंधुओं से आग्रह करता हूं कि मेरा जन्मदिन कोई नहीं मनाएं। वैसे तो मेरे घर के द्वार सभी के लिए खुले हैं। लेकिन, 29 दिसंबर के दिन कोई न पधारें।