शाजापुर। विश्व हिंदू परिषद मातृ शक्ति, दुर्गा वाहिनी मालवा प्रांत का शक्ति संगम रविवार को उज्जैन में हो रहा है। इसमें शामिल होने के लिए शाजापुर से 75 से ज्यादा बसों से 4 हजार मातृ शक्ति उज्जैन के लिए सुबह रवाना हुईं। उज्जैन पहुंच कर ये सभी शौर्य यात्रा में शामिल होंगी। साध्वी ऋतंभरा दीदी मां इस शक्ति संगम को संबोधित करेंगी।
विश्व हिन्दू परिषद के जिला मंत्री महेश प्रजापति ने बताया रविवार को उज्जैन में आयोजित शौर्य यात्रा में दुर्गा वाहिनी की 4 हजार माताएं- बहनें शाजापुर जिले से बसों के माध्यम से रवाना हुईं। इन सभी का एकत्रीकरण त्रिवेणी संग्रहालय के पास महाकालेश्वर अन्न क्षेत्र में होगा। यहां से शौर्य यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें पूरे मालवा प्रांत की 20 से 25 हजार बहनें 6-6 की पंक्ति में महाकाल लोक से गुदरी, पटनी बाजार, गोपाल मंदिर, छत्री चौक, सराफा, कंठाल चौराहा, कोयला फाटक होकर सामाजिक न्याय परिसर पहुंचेंगी। यहां साध्वी ऋतंभरा का उद्बोधन होगा।