पीथमपुर। रविवार सुबह से भोपाल गैस त्रासदी का जहरीला कचरा पीथमपुर की कंपनी में जलाने का विरोध किया जा रहा है। पीथमपुर क्षेत्र रक्षा मंच के नेतृत्व में राम रामेश्वर मंदिर से महाराणा प्रताप बस स्टैंड तक रैली का आयोजन किया जा रहा है। रैली में लोगों ने हाथ में काली पट्टी बांधकर जमकर नारेबाजी की। रैली खत्म होने पर विरोध कर रहे लोग राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपेगें।
कांग्रेस और पीथमपुर बचाओ समिति कर रही विरोध
यूनियन कार्बाइड के कचरे को पीथमपुर की कंपनी में जलाने का विरोध पहले से शहर में चल रहा है। पीथमपुर बचाओ समिति कचरे जलाने के विरोध में हस्ताक्षर अभियान, धरना प्रदर्शन, रैली, निकाली जा चुकी है। वहीं कांग्रेस ने पिछले रविवार प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में धार जिले के विधायकों के साथ धरना देकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा था।
पीथमपुर के लोगों का कहना है कि
भोपाल गैस कांड और यूनियन कार्बाइड के जहरीले कचरे से पीथमपुर, इंदौर सहित बड़ी मात्रा में फसल और पानी खराब होगा। न्यायालय के आदेश का हम सम्मान करते हैं। लेकिन पीथमपुर की जनता और आम लोगों का ख्याल भी रखा जाना चाहिए। आने वाली पीढ़ियों को इस जहरीले कचरे के दुष्परिणाम भोगने होंगे।
पीथमपुर रक्षा समिति के लोगों ने राष्ट्रपति के नाम पीथमपुर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंप कचरा यहां न जलाने और न्यायालय से पुनर्विचार करने की मांग की है।
इस विशाल रैली में प्रमुख रूप से नगर पालिका अध्यक्ष सेवंती सुरेश पाते, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अशोक पटेल, पार्षद विजय रघुवंशी एडवोकेट राजेश चौधरी, हेमंत पटेल पीथमपुर बचाओ समिति, भारतीय मानव अधिकार परिषद सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।