सिंगोली। कस्बे में विगत एक सप्ताह पूर्व खेल प्रेमियों द्वारा नगर परिषद को दिए गए आवेदन पर अमल शुरू हो गया है। नगर निकाय ने कस्बा स्थित गवर्मेंट हॉस्पिटल के पीछे खेल मैदान के निर्माण का कार्य शुरू कर दिया है। परिषद अध्यक्ष सुरेश जैन उर्फ भाया जी ने रविवार दोपहर करीब 1 बजे खेल मैदान के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
रविवार दोपहर बाद मिली जानकारी के अनुसार कस्बे में एक मात्र दशहरा मैदान के रूप में पहचाने जाने वाले हायर सेकंडरी स्कूल खेल मैदान पर सीएम राइज स्कूल भवन का निर्माण हो जाने से खेल प्रेमियों को काफी परेशानी महसूस हो रही थी। इस परेशानी के मद्देनजर खेल प्रेमियों ने बीते सप्तक तहसीलदार सहित नगर परिषद को आवेदन दिया था।
इस आवेदन पर तहसीलदार राजेश सोनी सहित नगर परिषद अध्यक्ष सुरेश जैन ने तत्परता दिखाते हुए प्रस्तावित नवीन खेल मैदान की सफाई, दुरुस्ती और समतलीकरण का कार्य शुरू करवा दिया। जो गत शुक्रवार से जारी है। खेल मैदान कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे परिषद अध्यक्ष सुरेश जैन ने निर्माण एजेंसी को जल्दी और सुव्यवस्थित कार्य करने का निर्देश दिया। इस दौरान उनके साथ परिषद सुनील सोनी और खेल प्रेमी मौजूद थे।