नीमच। सभी विद्यार्थियों में प्रतिभा विद्यमान है, हम परीक्षा के दौरान पढ़ाई के नजरिए से अपनी प्रतिभा और क्षमता को विकसित कर पाए तो शानदार परिणाम हासिल कर पाएंगे। यह बात नीमच जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा में बेहतर परिणाम प्राप्त करने के लिए प्रेरित करते हुए कही। वे नीमच के टाउन हॉल में आयोजित उन्मुखीकरण कार्यशाला में 10वीं और 12वीं बोर्ड के विद्यार्थियों से मुखातिब हुए। इस अवसर पर एसपी अंकित जायसवाल ने कहा कि विद्यार्थियों को अपने जीवन में दीर्घकालिक और बड़ा लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए। लक्ष्य होना चाहिए कि क्या बनना है, क्या करना है और क्यों करना है।
गौरतलब है कि प्रदेश में यह पहला मौका है, जब जिला प्रशासन द्वारा बोर्ड परीक्षा में अच्छे परिणाम प्राप्त करने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित करने के उद्देश्य से शिक्षा को समर्पित इस तरह की कार्यशाला का आयोजन किया गया है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा द्वारा किए गए इस नवाचार में प्रतिभाशाली छात्र छात्राओं और शिक्षकों द्वारा भी उपस्थित विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा में अच्छे परिणाम प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण टिप्स दिए गए।
विद्यार्थियों से भरे खचाखच टाउन हॉल में वक्ताओं द्वारा कहा गया कि आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच, धैर्य, लक्ष्य का निर्धारण करते हुए, निश्चित टाइम टेबल, स्मार्ट वर्क, कड़ी मेहनत, ईमानदार प्रयास के साथ तनाव रहित होकर बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी करनी चाहिए।
बताते चले कि नीमच जिले से 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षा में इस वर्ष करीब चौदह हजार विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं। आज के कार्यक्रम में 41 विद्यालय के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। इस अवसर पर प्रभारी सीईओ अरविंद डामोर, जिला शिक्षा अधिकारी सीके शर्मा, सहायक संचालक सुजानमाल मगरिया मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन अनिल व्यास ने किया।