चित्तौड़गढ़। अल्पसंख्यक वर्ग हेतु वर्तमान में राजस्थान सरकार द्वारा अल्पसंख्यक मामलात विभाग के माध्यम से विभिन्न योजनाओं चलाई जा रही है। जिनमें अल्पसंख्यक वर्ग मुस्लिम, सिक्ख, जैन, ईसाई, बौद्ध व पारसी समुदाय के पात्र आशार्थी ऑनलाईन आवेदन कर सकते है।
अल्पसंख्यक वर्ग हेतु अम्बेडर डीबीटी वाउचर योजनान्तर्गत ऑनलाईन आवेदन किये जा सकते है। इस योजना में जिला मुख्यालय पर संचालित स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के राजकीय महाविद्यालय के शैक्षिक पाठ्यक्रमों (कला, विज्ञान एव वाणिज्य संकाय हेतु) में अध्ययनरत अल्पसंख्यक समुदाय (मुस्लिम, सिक्ख, जैन, ईसाई, बौद्ध, पारसी) के वे छात्र (केवल बालक) जो घर से दूर रहकर (जो चित्तौड़गढ़ जिला मुख्यालय/नगर परिषद सीमा से बाहर के निवासरत हो) चित्तौड़गढ़ मुख्यालय पर कमरा किराया लेकर (पेइंग गेस्ट के रूप में) अध्ययन कर रहे है। ऐसे छात्रों हेतु आवास, भोजन एवं बिजली-पानी इत्यादि सुविधाओं हेतु पुनर्भरण राशि के रूप में अम्बेडकर डीबीटी वाउचर के अन्तर्गत महाविद्यालय में प्रवेश माह अनुसार राशि रु 2000/- प्रतिमाह प्रतिवर्ष (अधिकतम 10 माह हेतु) योजनान्तर्गत दी जा रही है।
इसी प्रकार अल्पसंख्यक वर्ग की होनहार बालिकाओं हेतु काली बाई भील स्कूटी योजना संचालित है। जिसमें अल्पसंख्यक वर्ग की वे बालिकाएँ जो राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड में कक्षा 12 वीं में 65 प्रतिशत जबकि केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड में कक्षा 12 वीं में न्यूनतम 75 प्रतिशत प्राप्तांक से उत्तीर्ण हो तथा जिनके माता पिता की समस्त स्त्रोतो से कुल वार्षिक आय 2 लाख 50 हजार रू से अधिक नही हो, वे बालिकाएँ इस योजना में आवेदन कर सकती है। चयनित लाभार्थी को हेलमेट, पेट्रोल, बीना सहित स्कूटी प्रदान की जाएगी।
इसी प्रकार विभिन्न प्रोफेशनल कोर्स एवं नौकरियों के लिए होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अल्पसंख्यक वर्ग के अभ्यर्थी कोचिंग करने के लिए मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना के तहत आवेदन कर सकते है। इसी के साथ चित्तौड़गढ़ में जिले के अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों से व्यावसायिक एवं शिक्षा ऋण के आवेदन भी वर्तमान में ऑनलाईन भरवाए जा रहे है। इच्छुक आवेदक मिलन सॉफ्टवेयर के लिंक "https://milannmdfc.org" पर ई-मित्र अथवा स्वयं के माध्यम से भी आवेदन कर सकते है।
योजनाओं की अधिक जानकारी के लिए कार्यालय के दुरभाष नम्बर 01472-294867 पर या कार्यालय समय में व्यक्तिशः उपस्थित होकर भी सम्पर्क किया जा सकता है।