रतलाम। साल के आखिरी दिन में रतलाम में ठंड का असर एक बार फिर बढ़ गया है। नए साल की शुरुआत कड़ाके की ठंड के साथ होगी। अधिकतम तापमान बढ़ा है तो रात के तापमान (न्यूनतम) में 5.1 डिग्री की कमी आई है। इससे रात में ठंड का असर तेजी से बढ़ा है। अचानक से तापमान में कमी होने से फसलों पर भी औस की बूंदें जमने लगी है। मौसम विभाग ने आज(मंगलवार) व कल (बुधवार) को रतलाम में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है।
रतलाम में मंगलवार को मौसम खुला। लेकिन आसमान में बादलों का डेरा जमा रहा। सूरज की लुका-छिपी बनी रही। धूप से लोगों को राहत मिली। लेकिन सर्द हवा के कारण कपकपी वाली ठंड का असर बना रहा। मौसम विभाग की माने तो दो दिन तक रतलाम में कोल्ड डे रहेगा। नए साल के पहले दिन उज्जैन संभाग के कई जिलों में कोल्ड डे का असर रहेगा।
वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की एक्टिविटी से दो दिन तक पूरे प्रदेश में बारिश और बादल वाला मौसम रहा। कई जिलों में तो ओले भी गिरे। यह दौर जैसे ही थमा, ठंड का असर बढ़ गया। इससे दिन और रात के तापमान में खासी गिरावट दर्ज हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, साल 2024 की आखिरी रात ठंड का असर बना रहेगा। मालवा यानी, उज्जैन संभाग में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। जहां कोल्ड डे और शीतलहर की स्थिति रहेगी।
तापमान में उतार-चढ़ाव बना
सोमवार को अधिकतम तापमान 23.0 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री रहा। इसके एक दिन पहले रविवार को अधिकतम तापमान 20.5 तो न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री रहा है। इसके पहले इस सीजन का सबसे ठंडा दिन 14 दिसंबर रहा था। इस दिन न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस रहा था। इसके बाद लगातार तापमान बढ़ा। 28 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री था। दो दिन से न्यूनतम तापमान में लगातार कमी आ रही है।