भोपाल। राज्य निर्वाचन आयुक्त के पद पर बसंत प्रताप सिंह का अतिरिक्त कार्यकाल 31 दिसंबर को पूरा हो गया है। इसके चलते राज्य शासन आज ही राज्य निर्वाचन आयुक्त के पद पर नई नियुक्ति के आदेश जारी करेगी। इस पद पर किसी रिटायर्ड एसीएस की नियुक्ति के आदेश शाम तक जारी होने की संभावना है।
इसके पहले 30 सितम्बर को पूर्व मुख्य सचिव वीरा राणा का कार्यकाल पूरा होने पर उन्हें नया राज्य निर्वाचन आयुक्त बनाए जाने के आदेश जारी होने वाले थे। इसकी तैयारी भी कर ली गई थी। लेकिन अनुराग जैन को मुख्य सचिव बनाने का आदेश जारी होने के बाद समीकरण बदल गए। इससे वीरा राणा को राज्य निर्वाचन आयुक्त बनने का फैसला टल गया।
वर्तमान राज्य निर्वाचन आयुक्त का कार्यकाल 30 जून को खत्म हो गया था। लेकिन तब सरकार किसी नए आयुक्त की नियुक्ति के आदेश जारी नहीं कर सकी थी। इसलिए आगामी आदेश तक के लिए बीपी सिंह को पद पर बने रहने के आदेश जारी किए गए थे। राज्य निर्वाचन आयुक्त कार्यकाल पूरा होने के बाद छह माह तक पद पर बने रह सकते हैं। यह अवधि भी आज खत्म हो रही है।