नीमच। सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी सीके शर्मा की कार्यशैली काफी अच्छी रही है। उनके साथ कार्य करने का काफी सकारात्मक अनुभव रहा है। शिक्षा विभाग से अपेक्षाएं भी बढ़ गई है। आशा है, कि जिले का 10वीं, 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं का परिणाम उत्कृष्ट रहेगा। यह बात कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष नीमच में जिला शिक्षा अधिकारी सीके शर्मा की सेवानिवृत्ति पर आयोजित बिदाई समारोह को सम्बोधित करते हुए कही।
समारोह में कलेक्टर चंद्रा, एडीएम लक्ष्मी गामड़, जिला पंचायत सीईओ अरविंद डामोर, सभी एसडीएम एवं डिप्टी कलेक्टर ने पुष्पगुच्छ भेंटकर एवं पुष्पहार पहनाकर सी.के.शर्मा का स्वागत किया और उन्हें आत्मीय बिदाई दी तथा शर्मा के सुखी, समृद्ध एवं स्वस्थ्य जीवन की कामनाएं की।
इस मौके पर एसडीएम डॉ.ममता खेड़े ने कहा कि शर्मा के नेतृत्व में शिक्षा विभाग का हमेशा सकारात्मक सहयोग मिला है। सीईओ अरविंद डामोर ने कहा कि शर्मा सकारात्मक सोच के साथ काम करते रहे है। अन्य विभागों, प्राचार्याे आदि से उनका अच्छा समन्वय रहा है। एडीएम गामड़ ने भी शर्मा की कार्यशैली की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम का संचालन मनोज जैन ने किया तथा अंत में एस.एम.मांगरिया ने आभार माना।
इस मौके पर संयुक्त कलेक्टर प्रीती संघवी, एसडीएम डॉ.ममता खेडे , डिप्टी कलेक्टर संजीव साहू, डॉ.रश्मी श्रीवास्तव, चंद्रसिह धार्वे, पवन बारिया, प्राचार्यगण एवं जिला अधिकारी उपस्थित थे।