रतलाम। नवीन व्यावसायिक शिक्षा की तारे परियोजना के अंतर्गत सात दिवसीय स्किल एक्सपोजर विजिट 2024 का आयोजन अहमदाबाद गुजरात में हुआ जिसमें जिले के उत्कृष्ट विद्यालय जावरा की छात्रा जानवी सुमन तथा खरवा कला स्कूल की छात्रा गोविंद यादव, वोकेशनल ट्रेनर हर्षिता बैरागी तथा नोडल अधिकारी अशोक बंसल ने जिले का प्रतिनिधित्व किया।
डीवीसी योगेश पाल ने बताया कि स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा समग्र शिक्षा सेकेंडरी एजुकेशन के अंतर्गत प्रत्येक वर्ष इसकी एक्सपोजर विजिट आयोजित की जाती है जिसमें जिला स्तरीय कौशल प्रदर्शनी में टॉपर स्टूडेंट का सिलेक्शन कर विजिट में शामिल किया जाता है। राज्य के शिक्षा विभाग द्वारा व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए संपूर्ण प्रदेश से चयनित विद्यार्थियों को विभिन्न उद्योगों में कार्यशैली तथा प्रक्रियाओं को सीखने का अवसर प्रदान किया जाता है। इस बार की विजिट में रेल नीर प्लांट, भारतीय अनुसंधान प्रयोगशाला, भौतिक अनुसंधान प्रयोगशाला की प्रक्रिया विद्यार्थियों ने देखी-समझी। विद्यार्थियों ने भोपाल में स्कोप ग्लोबल यूनिवर्सिटी तथा नेशनल इंस्टीट्यूट आफ फैशन डिजाइन टेक्नोलॉजी का भी दौरा किया जहां फैशन डिजाइनिंग के क्षेत्र में टेक्नोलॉजी के उपयोग की जानकारी प्राप्त की। विशेषज्ञ द्वारा विद्यार्थियों को कपड़ों की डिजाइन बनाने से लेकर निर्माण तक की प्रक्रिया से अवगत कराया। विद्यार्थियों द्वारा गुजरात के अन्य स्थानों का भी भ्रमण किया गया।