रीवा। संभाग के दो अधिकारी 31 दिसम्बर को अपना सेवाकाल पूरा करके सेवानिवृत्त हो गए। दोनो अधिकारियों को कमिश्नर कार्यालय में आयोजित संभागीय बैठक में कमिश्नर बीएस जामोद ने भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर कमिश्नर ने कहा कि आज सेवानिवृत्त हो रहे संयुक्त संचालक शिक्षा एसके त्रिपाठी खरगौन में मेरे सेवाकाल के शुरूआत से साथी हैं। उनसे मित्रता का क्रम सदैव बना रहेगा। आपने शिक्षा विभाग को नई दिशा देने का प्रयास किया। आपको जो भी दायित्व दिया गया उसे आपने बड़े मनोयोग से निभाया। आज ही सेवानिवृत्त हो रहे क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य डॉ केएल नामदेव ने भी पूरी कर्मठता से अपना कार्य किया। कुशल चिकित्सक और सर्जन होने के साथ-साथ आप विद्यार्थियों को पढ़ाने और शिक्षा की ओर प्रेरित करने में भी कुशल हैं।
इस अवसर पर डॉ नामदेव ने कहा कि मैं मैहर जिले के छोटे से गांव पिपरा में गरीब किसान परिवार से हूँ। मेरे कॅरियर और जीवन को दिशा देने में मेरे शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। इस बात को कोई नहीं बदल सकता है कि जो पढ़ेगा वही आगे बढ़ेगा। इस मंत्र को चरितार्थ करने के लिए मैं आगे भी प्रयास करता रहूंगा। इस अवसर पर संयुक्त संचालक त्रिपाठी ने कहा कि कमिश्नर सर से मेरा दीर्घकालीन साथ रहा। उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए मुझे सदैव मार्गदर्शन और सहयोग दिया। आपके मार्गदर्शन में रीवा संभाग को नई सफलताएं मिलेंगी। कार्यक्रम में संयुक्त आयुक्त दिव्या त्रिपाठी तथा सभी संभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।