जबलपुर। नए साल के पहले दिन जबलपुर का भेड़ाघाट और धुआंधार जलप्रपात लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा है। यहां एक लाख से अधिक सैलानी देश के अलग-अलग हिस्सों से जबलपुर पहुंचे और नए साल की शुरुआत माँ नर्मदा के दर्शन के साथ की।
नए साल के पहले दिन पर्यटकों में जबरदस्त उत्साह नजर आया। भेड़ाघाट पहुंचे सैलानी नई ऊर्जा और उमंग से भरे हुए दिखे। धुआंधार जलप्रपात का नजारा लेने आए रीवा के आयुष त्रिपाठी, छत्तीसगढ़ की दीपाली शर्मा और नागपुर के किशोर मोहता ने कहा कि साल की शुरुआत को खास और यादगार बनाना था। धार्मिक स्थलों के साथ-साथ विश्व प्रसिद्ध भेड़ाघाट जैसे रमणीय स्थानों का भ्रमण करना सुखद अनुभव रहा।
उन्होंने कहा कि 2025 उनके लिए बहुत ही अच्छा साबित होगा क्योंकि साल के पहले दिन की शुरुआत ही उनकी बहुत शानदार रही है।
नौका विहार का ले रहे आनंद
पंचवटी घाट पर सैलानियों ने नौका विहार का भी आनंद लिया। भेड़ाघाट थाना प्रभारी शिवमंगल राठौर ने बताया कि यहां 130 नावों का संचालन होता है। हर पर्यटक को लाइफ जैकेट पहनाई जाती है और उनकी सुरक्षा के लिए मोटर बोट से नियमित निगरानी की जाती है। साथ ही, घाट पर पर्यटकों को गहरे पानी में जाने से मना किया जाता है।
नए साल के पहले दिन भेड़ाघाट और धुआंधार जलप्रपात पर पर्यटकों का जोश और उमंग देखते ही बनता है। इससे न केवल जबलपुर का पर्यटन बढ़ा है, बल्कि लोगों को नए साल की शुरुआत एक अनोखे अंदाज में करने का मौका मिला।
50 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों से रखी जा रही है निगरानी
भेड़ाघाट नगर परिषद के अध्यक्ष चतुर सिंह लोधी ने बताया कि नए साल पर एक लाख से ज्यादा पर्यटक धुआंधार पहुंचते हैं। उनकी सुरक्षा के लिए 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। धुआंधार, पंचवटी, और पार्किंग स्थलों पर नगर परिषद के कर्मचारी, पुलिस, होमगार्ड, और एसडीआरएफ के जवान तैनात हैं।