कटनी। शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और स्वच्छता सर्वेक्षण अच्छे प्रदर्शन के लिए नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी है। नगर निगम आयुक्त नीलेश दुबे ने बताया कि स्वच्छता के लिए जमीनी स्तर पर कार्य करने, पूरी गतिविधियों की मॉनिटरिंग करने सहित स्वच्छता के उच्च पायदान पर लाने के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। विशेष टीम में स्वच्छ सर्वेक्षण की गाइडलाइन के अनुसार चेक लिस्ट में दी गई जीएफसी 5 स्टार, ओडीएफ प्लस प्लस के मापदंडों की कमियों की जानकारी लेने और सुधार कराने की कार्रवाई करेगी।
हर दिन सुबह 7 से 8.30 भ्रमण करेगी टीम
नगर निगम आयुक्त ने बताया कि मॉनिटरिंग के लिए नगर निगम के प्रभारी कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, प्रभारी सहायक यंत्री और स्वच्छ भारत मिशन के नोडल अधिकारी आदेश जैन, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी को दायित्व सौंपा गया है। गठित की गई विशेष टीम प्रतिदिन सुबह सात से साढ़े आठ भ्रमण करेगी। चेक लिस्ट के अनुसार भ्रमण करने के बाद सात दिन के अंदर सेक्टर अधिकारी के माध्यम से स्वच्छ भारत मिशन के नोडल अधिकारी को निरीक्षण प्रतिवेदन देगी। निर्देशों के अनुसार कार्रवाई नहीं करने, वार्ड भ्रमण में नहीं करने पर संबंधित अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।