खरगोन। जिले के गोगावां में गोविंद मेरो है गोपाल मेरो है..,सजा दो आज घर को गुलशन सा..., श्रीरामचंद्र कृपालू भज मन..., सियाराम जानकी बैठे है मेरे..., मेरी झोपड़ी के भाग आज... जैसे सुमधुर भजनों और जयकारे नगर के मुख्य मार्गाे पर गूंजे तो समूचा माहौल धर्ममय हो गया। अवसर था नगर के हायर सेकेंडरी स्कूल से 7 दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा निमित्त निकाली गई भव्य शोभायात्रा, कलश यात्रा का। सुबह 9 बजे बड़ी संख्या में महिला- पुरुष और बालिकाएं स्कूल परिसर में एकत्रित हुए। कथा के मुख्य मनोरथी एडव्होकेट भोपाल ओम पाटीदार एवं राजश्री पाटीदार ने बताया कि बैंड-बाजों की धून पर बज रहे जयकारों के बीच भक्ति भरे माहौल में शोभायात्रा स्कूल परिसर से करीब दो किमी दूर अदलपुरा क्षेत्र स्थित मैरेज गार्डन कथास्थल पहुंची। शोभायात्रा के दौरान अदलपुरा से गुजरते समय मुस्लिम समाजजनों ने बस्ती में न केवल भगवा पतकाएं लगाई बल्कि पुष्पवर्षा कर सामाजिक समरसता का परिचय भी दिया। समाज सदर आसिफ खान अदलपुरा, आरिफ खान, फिरोज खान आदि ने बताया कि अदलपुरा क्षेत्र की कौमी एकता बेमिसाल है। यहां के लोग मिलनसार है हिंदू और मुस्लिम भाई एक दूजे के पर्व का ख्याल रखते हुए सम्मान करते है। इसी सद्भाव और भाईचारे को कायम रखते हुए आज निकली शोभायात्रा का स्वागत- सत्कार किया गया। इसके अलावा शोभायात्रा मार्ग पर भी नगरवासियों ने जगह- जगह पुष्पवर्षा की।