उज्जैन। नववर्ष पर इस बार महाकाल मंदिर में 6 लाख 50 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। बुधवार एक जनवरी को शीघ्र दर्शन और लड्डू प्रसादी से मंदिर को 25 लाख 76 हजार रुपए से अधिक की आय हुई। भक्त 21 लाख रुपए की लड्डू प्रसादी अपने साथ ले गए। वहीं, 24 दिसम्बर से 1 जनवरी के बीच बीते 8 दिनों में 35 लाख 61 हजार श्रद्धालुओं ने महाकाल मंदिर में दर्शन किए। इस दौरान महाकाल मंदिर को 6 करोड़ 32 लाख 79 हजार रुपए की कुल आय हुई है।
प्रति वर्ष अनुसार इस बार भी नव वर्ष पर महाकाल मंदिर में देश भर से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे थे। हालांकि इस बार पिछले दो वर्षों की तुलना में भीड़ कम थी। महाकाल मंदिर के सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने बताया कि मंदिर पहुंचे भक्तों ने दिल खोल कर दान किया। इसके साथ ही प्रोटोकॉल दर्शन से भी मंदिर समिति को करोड़ों रुपए की आय हुई है। हालांकि अभी 30 दिसम्बर और एक जनवरी को दान पेटी से मिली आय की गिनती होना बाकी है।