डबरा। भितरवार नगर के एकमात्र खेल मैदान, पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेडियम में आज नगर परिषद की ओर से विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत मैदान में एकत्रित कचरे को साफ कर नष्ट किया गया। भितरवार के इस खेल मैदान में लंबे समय से कचरे के ढेर लगे हुए थे। पॉलिथीन और अन्य गंदगी के कारण खिलाड़ियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था।
खिलाड़ियों ने नगर परिषद से कई बार इस संबंध में सफाई की मांग की थी। आज नगर परिषद अध्यक्ष बलदेव अग्रवाल के निर्देश पर परिषद का अमला मैदान पहुंचा और सफाई अभियान प्रारंभ किया। झाड़ू लगाकर कचरे को एकत्रित किया गया और कुछ कचरे को जलाकर नष्ट भी किया गया।
खिलाड़ियों को खेल में बाधा से मिली राहत
इस संबंध में नगर परिषद अध्यक्ष बलदेव अग्रवाल ने बताया कि खिलाड़ियों की शिकायतें आ रही थीं कि मैदान में गंदगी के कारण खेल में बाधा हो रही है। परिषद ने विशेष सफाई अभियान चलाकर समस्या का समाधान किया है। यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि नगर के खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
खेल मैदान को उच्चस्तरीय बनाने की दिशा में कदम
गौरतलब है कि इस स्टेडियम को बेहतर बनाने के लिए विधायक मोहन सिंह राठौर ने लगभग 2.25 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत कराई है। इस राशि से बाउंड्री वॉल और अन्य सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। इसके चलते भितरवार में एक उच्चस्तरीय खेल मैदान का विकास होगा, जिससे स्थानीय खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।