उज्जैन। नव वर्ष पर भक्त महाकाल मंदिर में दिल खोल कर दान कर रहे हैं। इसी क्रम में गाजियाबाद के एक दान दाता ने करीब 2 लाख 81 हजार रुपए का रजत अभिषेक पात्र भगवान महाकाल को दान किया है। ये पात्र भगवान को जल और दूध अर्पित करने के काम आएगा।
श्री महाकालेश्वर मंदिर में गाजियाबाद से पधारे भक्त श्याम शर्मा ने भगवान श्री महाकालेश्वर को रजत अभिषेक पात्र भेंट किया। इसका कुल वजन लगभग 3109 ग्राम है। इसी प्रकार मुंबई के दान दाता मानव अग्रवाल ने पुजारी गोपाल शर्मा की प्रेरणा से भगवान को रजत मुकुट अर्पित किया।
महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के वीरेंद्र शर्मा ने दोनों दानदाताओं का सम्मान कर विधिवत रसीद प्रदान की। यह जानकारी मंदिर प्रबंध समिति की कोठार शाखा के कोठारी मनीष पांचाल ने दी।