शाजापुर। चाइना डोर पर प्रतिबंध को लेकर जिला प्रशासन ने रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया। गुरुवार रात को जिला प्रशासन की टीम ने सड़कों पर उतरकर पतंग डोर बेचने वाले दुकानदारों की दुकान पर छापेमार कार्रवाई की। एसडीएम मनीषा वास्कले एवं तहसीलदार मधु नायक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टीएस बघेल के नेतृत्व में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। टीम ने शहर की अलग-अलग पतंग दुकानों पर पहुंचकर सर्चिंग अभियान चलाया। अतरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में चाइना डोर पूरी तरह से प्रतिबंधित है। अलग-अलग दुकानों पर सर्चिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है, ताकि चाइना डोर से आम लोगों की सुरक्षा की जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि जिन दुकानों पर चाइना डोर मिलती है, उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।