इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर के खजराना थाना से एक दिलचस्प मामला सामने आया है। यहां एक महिला ढोल धमाके के साथ अचानक अपने बेटे के साथ थाने पहुंच गई। जिसे देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। खास बात यह है कि यह महिला कोई शिकायत लेकर नहीं आई थी। बल्कि पुलिस का शुक्रिया अदा करने आई थी।
दरअसल, इंदौर की खजराना पुलिस ने महिला के बेटे की चोरी हुई मोटरसाइकिल बरामद कर ली थी। इस बात से खुश महिला अनूठे अंदाज में पुलिस का शुक्रिया अदा करने गुरुवार की रात थाने पहुंची थी। इस दौरान महिला और उसके बेटे के हाथों में फूलों की माला थी और वे धीरे से थाने के अंदर प्रवेश किए। इस पल महिला के आंखों से खुशी के आंसू छलक रहे थे। उसने थाना प्रभारी मनोज सिंह सेंधव के कक्ष में पहुंचकर उन्हें माला पहना दी।
एक एक पैसे जोड़कर खरीदी थी बेटे के लिए बाइक
महिला का नाम परवीन बी है, उन्होंने बताया कि बड़ी मुश्किल से अपने बेटे की जीद पूरी करने के लिए एक एक रुपए जोड़कर उसे टू व्हीलर बाइक दिलाई थी। इसके लिए उनके परिवार ने काफी संघर्ष किया था, लेकिन 10 अक्टूबर 2024 को सीडी डीलक्स बाइक चोरी हो गई, जिसकी रिपोर्ट खजराना थाने में दर्ज कराई गई। पुलिस अधिकारियों ने मेरे बेटे की बाइक को ढूंढ निकाला, जिसके बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों का शुक्रिया अदा करने की सोची। आमतौर पर मोटरसाइकिल चोरी जाने के बाद वापस नहीं मिलती है। उनकी बाइक पुलिस की मदद से वापस मिल गई।
खजराना थाना प्रभारी मनोज सिंह सेंधवा ने बताया कि राजीव नगर में रहने वाले इमरान ने वाहन चोरी की शिकायत की थी। सीहोर की एक वाहन चोर गैंग को खजराना पुलिस ने पकड़ा है, जिसके पास से चोरी की बाइक बरामद की गई है। यह चोरी की बाइक इमरान की थी। न्यायालय की प्रक्रिया पूर्ण कर बाइक फरियादी को सुपुर्द कर दी गई है। इस दौरान इमरान के परिवार वालों ने पुलिस का शुक्रिया अदा किया। थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस का तो काम ही लोगों की सुरक्षा और सेवा करना है। उन्होंने कहा अच्छा लगता है, जब लोगों का इस तरह प्यार उन्हें मिलता है।