खरगोन। जिले में 11 दिसम्बर 2024 से प्रारंभ कर 26 जनवरी 2025 तक मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत जिले की सभी ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के वार्डों में शिविर लगाये जा रहे है। कलेक्टर श्री कर्मवीर शर्मा के मार्गदर्शन में इस अभियान के अंतर्गत 02 जनवरी 2025 तक जिले के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में 429 शिविर आयोजित किये जा चुके हैं। इन शिविरों में 43 हजार 909 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इनमें से 38 हजार 635 आवेदनों का निराकरण कर दिया गया है और 05 हजार 274 आवेदन लंबित है। इस अभियान के अंतर्गत जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में 589 और नगरीय क्षेत्रों के 159 वार्डों में शिविर लगाएं जाने हैं। इस अभियान के अंतर्गत पात्रता होने के बाद भी योजनाओं के लाभ से वंचित लोगों के आवेदन लेकर उनका निराकरण किया जा रहा है और 26 जनवरी 2025 को आयोजित होने वाली ग्राम सभा में हितग्राही को हितलाभ का वितरण किया जाएगा।