नीमच। शहर की यातायात थाना प्रभारी उर्मिला सिंह चौहान ने गुलाब का फूल देकर यातायात नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों के प्रति सम्मान प्रकट किया।साथ में यातायात पुलिस की टीम तैनात थी।अवसर था लायंस पार्क चौराहा पर यातायात चौकिंग का। इस अवसर पर यातायात पुलिस की टीम ने दो पहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने की हिदायत थी। दोपहिया वाहन चालकों को तीन सवारियों को बिठाकर गाड़ी ना चलाने के लिए सख्त चेतावनी दी। चार पहिया वाहनों को सीट बेल्ट लगाने और वाहन के कांच पर नियमों के विरुद्ध फिल्म ना चढ़ाने के लिए समझाइश दी गई। समझाइश के साथ चालानी कार्रवाई भी की गई।
यातायात थाना प्रभारी उर्मिला सिंह चौहान ने कहा कि डीजीपी के निर्देश और पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में यातायात के नियमों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना हमारा उद्देश्य है। चुंकि दुर्घटना के कारण असामयिक मौतों की संख्या में इजाफा हो रहा है। यातायात नियम की पालना करके इसमें कमी लाई जा सकती है।इस दौरान पुलिस की टीम ने सीट बेल्ट लगाने वाले चार पहिया वाहन चालक को और हेलमेट लगाने वाले दो पहिया वाहन चालकों को फूल देकर प्रोत्साहित भी किया। यातायात पुलिस की यह कार्रवाई आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगी।