नीमच। शहर में कड़ाके की ठंड को देखते हुए दाउदी बोहरा समाज की संस्थाओं ने जरूरतमंदों की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाए है। चूंकि ठिठुरन भरी सर्दी के मौसम से बचाव के लिए आवश्यक सामग्री की जरूरत होती है। इसी के मद्देनजर अंजुमने हुसामी, उमुर ख़ारेजीया और हैदरी फाउंडेशन द्वारा जरूरतमंदों को कंबल, ऊनी स्वेटर,हाथ के दस्ताने,मफलर,टोपे, मोज़े, इनर आदि का वितरण किया गया।
उमर खारेजिया के अब्बास प्रिंस और हैदरी फाउंडेशन के ताहिर अली बूट वाला ने बताया कि हमारी संस्था द्वारा वृद्धा आश्रम, किलकारी, भाग्येश्वर मंदिर के समीप, बघाना, पुरानी नगर पालिका, स्कीम नंबर 36, निरोग धाम आदि जगहों पर बस्तियों में निवास कर रहे लोगों को ठंड से बचाव के लिए जरूरतमंदों को ऊनी वस्त्रों का वितरण किया गया है। फातेमी फाउंडेशन द्वारा भी कंबल वितरित किए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि दाऊदी बोहरा समाज के धर्मगुरु डॉक्टर सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन साहब द्वारा हमेशा समाजजनों को जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमज़ोर लोगों की मदद करने की हिदायत की जाती है। उनका फरमान शिरोधार्य कर समाज की संस्थाओं द्वारा सेवा के प्रकल्प संचालित किए जाते हैं। इस मौके पर मुस्तफा डेरकी, मोहम्मद खैरी वाला,अली असगर गौहर,अबरार डेरकी, हसन डेरकी,जूजर बाल्टी वाला, सज्जाद बोहरा,गुलजार डेरकी और अन्य सदस्य मौजूद रहे।