शाजापुर। समग्र शिक्षा अभियान समावेशित शिक्षा अंतर्गत समस्त शालाओं में कक्षा 01 से 08 तक अध्ययनरत विशेष आवश्यक वाले बच्चों (सीडब्ल्यूएसएन) के लिए एलिम्को उज्जैन एवं स्थानीय चिकित्सीय विशेषज्ञों के सहयोग से विकासखण्ड स्तर पर 16 जनवरी से 20 जनवरी 2025 तक अलग-अलग विकासखण्डों में प्रातः 10.00 बजे से चिकित्सा मूल्यांकन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में बच्चों को उनकी आवश्यकतानुसार उपकरणों के लिए चिंहित करने के साथ-साथ जिन बच्चों के दिव्यांग प्रमाण पत्र नहीं बनें हैं, उनके दिव्यांग प्रमाण पत्र भी बनवाये जायेंगे।
जिला शिक्षा केन्द्र परियोजना समन्वयक राजेन्द्र शिप्रे से प्राप्त जानकारी के अनुसार कालापीपल विकासखण्ड में जनपद शिक्षा केन्द्र पानखेड़ी रोड कालापीपल में 16 जनवरी को शिविर लगेगा। इसी प्रकार शुजालपुर में सीएम राईज बहुउद्देशीय हॉल शुजालपुर मंडी में 17 जनवरी, मो. बड़ोदिया में जनपद शिखा केन्द्र मो. बड़ोदिया में 18 जनवरी तथा शाजापुर विकासखण्ड में जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र (डीडीआरसी) लालघाटी बापू की कुटिया के पास 20 जनवरी 2025 को शिविरों का आयोजन होगा।