भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज से प्रदेश में वन्य जीव पर्यटन अभियान की शुरुआत करेंगे। सीएम आज चंबल अभयारण्य का भ्रमण करेंगे। मुख्यमंत्री शाम 4 बजे मुरैना पहुंचेगे। जहां वह चंबल अभयारण्य में चंबल नदी और घड़ियाल सेंचुरी की व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। इसके बाद वन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
इस दौरान मध्य प्रदेश के साथ राजस्थान और उत्तर प्रदेश से लगे चंबल अभयारण्य को लेकर विस्तृत रूपरेखा तैयार होगी। विश्व में सर्वाधिक घड़ियाल चंबल नदी में हैं। विश्व में लगभग 3 हजार घड़ियाल हैं जिसमें 85 प्रतिशत चंबल नदी पर आश्रित हैं। लुप्तप्राय गांगेय डॉल्फिन को चंबल नदी में संरक्षण को लेकर भी रूपरेखा तैयार होगी। चंबल नदी में पाए जाने वाले कछुआ परिवार की 08 दुर्लभ प्रजातियां के संरक्षण पर भी प्लानिंग होगी।
सीएम के कार्यक्रम
सीएम डॉ. मोहन यादव सुबह 11.15 बजे भोपाल के संचालनालय सामाजिक न्याय विभाग जाएंगे। जहां वह अस्थिबाधित दिव्यांगजन को निःशुल्क ई-साईकिल वितरित करेंगे। दोपहर एक बजे विदिशा जिले के लटेरी पहुंचेंगे। लटेरी को मिली सौगातों के लिए जनता उनका अभिनंदन करेगी।
21 जिले में कोहरे का कहर
मध्य प्रदेश में मौसम सर्द हो गया है। आज 21 जिले कोहरे के आगोश में रहे। राजधानी भोपाल में लगातार कोहरा देखा जा रहा है। ग्वालियर, जबलपुर, नीमच, मंदसौर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, राजगढ़, विदिशा, सीहोर, रायसेन, सागर, नरसिंहपुर, दमोह, निवाड़ी, टीकमगढ़, पन्ना, कटनी, सतना, मैहर, सीधी, मऊगंज, सिंगरौली और रीवा में घना कोहरा है।