ग्वालियर। मध्य प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर का एक फिर अनोखा अंदाज देखने को मिला, मंत्री तोमर अस्पताल में डॉक्टर्स के सामने नतमस्तक नजर आए। उन्होंने डॉक्टर्स के पैरों में अपना सर रखकर उनको सम्मान दिया। इस दौरान मंत्री तोमर भावुक भी नजर आए। दरअसल ग्वालियर के हजीरा सिविल अस्पताल को आईसीयू के साथ सीटी स्कैन सुविधा की बड़ी सौगात आज मिली। मंत्री प्रदुमन सिंह तोमर के बड़े भाई देवेंद्र सिंह तोमर के निधन के बाद मंत्री ने संकल्प लिया था कि वह उनकी तेरहवीं में अनावश्यक खर्च नहीं करेंगे और उसके स्थान पर लोगों के जीवन की रक्षा करने के लिए आईसीयू बनवाएंगे।
बीते 19 दिसंबर को मंत्री तोमर के बड़े भाई देवेंद्र सिंह तोमर का निधन हुआ था। उनकी स्मृति में ये आईसीयू बनाया गया है। सीएसआर फंड और जन सहयोग से बनाए गए 20 बैड के इस आईसीयू की खास बात यह है कि सिविल अस्पताल में बनने वाला मध्य प्रदेश का यह पहला आईसीयू है। सिर्फ इतना ही नहीं पीआईसीयू भी सिविल अस्पताल में बनाया गया है। मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने आईसीयू का लोकार्पण अपनी मां के हाथों करवाया।
हाल ही में परिवार में दुखद घटना होने के बाद मंत्री और उनकी मां ने भरे गले से इस अस्पताल के आईसीयू का शुभारंभ किया। अब ग्वालियर के जिला अस्पताल, जयारोग्य अस्पताल के साथ ही सिविल अस्पताल हजीरा में भी आईसीयू बनकर तैयार हो गया है। इससे गंभीर बीमारी के मरीजों को बड़ी स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर का कहना है कि धरती पर डॉक्टर्स ही भगवान का स्थान रखते है। हजीरा अस्पताल में यह डॉक्टर्स ही अब मरीजों को जिंदगी देंगे। ऐसे में डॉक्टर्स को भगवान मानकर उनके चरणों मे नतमस्तक होकर उन्हें नमन कर सम्मान दिया।