मंदसौर। एमपी ट्रांसको (मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेन्स इंदौर के अंतर्गत आने वाले टी.एल.एम. उपसंभाग मंदसौर द्वारा विभिन्न शासकीय विद्यालयों में ऊर्जा संरक्षण सप्ताह में जागरूकता अभियान चलाया गया। इसी क्रम में मंदसौर में शासकीय एकीकृत उ. मा. वि. क्रमांक 2 मंदसौर में ऊर्जा संरक्षण सप्ताह के अंतर्गत ऊर्जा जागरूकता कार्यक्रम किया गया।
कार्यक्रम में ऊर्जा बचत के फायदे व ऊर्जा बचत कैसे की जा सकती है के बारे मे बताया गया। इस बारे मे छात्रो के भी विचार जाने गए। शिविर में विद्यार्थियों को ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूक, सजग और सचेत रहने के लिये सरल भाषा में आवश्यक जानकारियां दी गई एवं विद्यालयों में ऊर्जा संरक्षण संबंधित स्टीकर, पम्पलेट भी वितरित किए गए। एम पी ट्रांसको इंदौर की अधीक्षण अभियंता नीलम खन्ना की पहल और मार्गदर्शन में यह जागरूकता अभियान मंदसौर सहित इंदौर, राजगढ, छैगांव, जुलवानिया, निमरानी, सुवासरा आदि जगह आयोजित किये गये। इन आयोजनो में विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षकों एवं समस्त विद्यार्थियों ने उत्साह और उत्सुकतापूर्वक ऊर्जा संरक्षण के महत्व, विद्युत बचाने के तरीके और ऊर्जा संरक्षण के प्रति सभी को प्रेरित करने की आवश्यकता को समझा।
विद्यार्थियों ने बारीकी से स्टार रेटिंग वाले फ्रिज, वाशिंग मशीन, पंखे, कूलर आदि के उपयोग से बिजली बचत की प्रक्रिया समझी और ‘‘बिजली का बचत ही बिजली का उत्पादन है‘‘ के स्लोगन को समझते हुये बिजली बचत की शपथ ली। मंदसौर के सहायक अभियंता गौरव गोयल ,लाइन स्टाफ प्रकाश प्रजापति आदि ने मंदसौर क्षेत्र में विशेष प्रयास कर ऊर्जा संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता फैलाने का उल्लेखनीय कार्य किया। इसी के साथ साथ जन धन हानि एवम विधुत दुर्घटना से बचने हेतु रोको टोको अभियान अंतर्गत पतंग उडाने के लिए चाईनीज डोरी का उपयोग नही करने हेतु शपथ भी दिलाई गई। इस जागरूकता शिविर में शासकीय एकीकृत उ. मा. वि. क्रमांक- 2 मंदसौर जिला मंदसौर के स्टाफ भी उपस्थित रहे। विद्यालय प्रशासन द्धारा स्वागत व आभार प्रकट किया गया।