बुरहानपुर। त्वरित सूचना, आवश्यक जानकारी, योजनाआंे का व्यापक प्रचार-प्रसार जैसे कार्याे को गति देने हेतु नगर पालिका परिषद नेपानगर द्वारा ऑटोमेटेड कॉलिंग सिस्टम की शुरूआत की गई है। इस नवाचार का मुख्य उद्देश्य पुराने तरीके से किये जा रहे योजनाओं के प्रचार-प्रसार को नया स्वरूप देना है। सीएमओ नेपानगर शैलेन्द्र चौहान बताते है कि, नेपानगर परिषद द्वारा तैयार किये गये सॉफ्टवेयर जिसमें ऑटोमेटिक कॉलिंग सिस्टम, जानकारी को आसानी से पहुँचाने, व्यक्तिगत संदेशों की सुविधा, रिपोटिंग एवं विश्लेषण की सुविधा इत्यादि विशेषतायें है। आज भी योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु जैसे-मुनादी, बैनर-पोस्टर, डोर-टू-डोर आदि कार्य किये जाते है। प्रचार-प्रसार के कार्याे को गति देने के लिए नेपानगर परिषद द्वारा क्षेत्र में ऑटोमेटेड कॉल सिस्टम को अपनाया जा रहा है। यह सिस्टम नेपानगर क्षेत्र में पिछले 2-3 महीने से शुरू किया गया है। नेपानगर सीएमओ ने बताया कि, इस सिस्टम को प्रारंभ करने की प्रेरणा मोबाईल सिम के लिए आने वाले रिचार्ज रिमाइंडर वाले कंपनी के कॉल से मिली है। नगर पालिका परिषद् द्वारा सॉफ्टवेयर का उपयोग कर नेशनल लोक अदालत की जानकारी आईवीआर कॉल के माध्यम से नागरिकों तक पहुंँचाई गई और 4,39,807/-रूपए की वसूली हुई है। ऑटोमेटेड कॉल सिस्टम द्वारा नगर में स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत सूखा, गीला कचरा पृथक-पृथक करने की प्रक्रिया का प्रचार-प्रसार करते हुए नगरवासियों को स्वच्छता हेतु प्रेरित किया जा रहा है। नगर में नागरिकों को ऑटोमेटिक कॉल सिस्टम के माध्यम से आवश्यक सूचना से पहले ही सूचित कर दिया जाता है। नगर पालिका को होने वाले फायदे 1. सॉफ्टवेयर से शासकीय योजनाओं की जानकारी पात्र हितग्राहियों तक पहुँचाने में आसानी। 2. पीएम स्वनिधि योजना की जानकारी सभी स्ट्रीट वेण्डर तक एक कॉल के माध्यम से सूचना पहुँचाना। 3. जलकर, सम्पत्तिकर अन्य करों के भुगतान की अपील। 4. आईवीआर कॉल के माध्यम से स्वच्छता एवं अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं को नागरिकों तक स्वचालित तरीके से पहुँचाना। 5. आपदा के समय लोगों को तत्काल जानकारी देना। 6. स्वच्छता सर्वेक्षण को सफल बनाने के लिए नागरिकों को लगातार जानकारी पहुँचाई जा रही है। 7. पीएम स्वनिधि योजना के ऐसे हितग्राही जिन्होंने लोन की किश्त भरने में विलंब किया है, उन्हें आईवीआर कॉल से किश्त भरने की जानकारी दी जा रही है। 8. शासन की योजनाओं से नागरिकों को अपडेटेड कराते रहना। ऑटोमेटिक कॉल सिस्टम नगरवासियों तक आसानी से जानकारी पहुँचाने में शक्तिशाली उपकरण साबित हुआ है। नेपानगर के वार्ड-6 में रहने वाले लाभार्थी श्री संजय पटेल कहते है कि, नगर पालिका परिषद् कार्यालय नेपानगर से ऑटोमेटेड कॉल के माध्यम से मुझे पीएम स्वनिधि योजना की जानकारी दी गई। योजना के तहत मुझे 10 हजार रूपये का ऋण प्राप्त हुआ। इससे अब मैंने स्वयं का व्यवसाय प्रारंभ किया है। नगर पालिका परिषद की ऑटोमेटिक कॉल प्रणाली क्षेत्रवासियों के लिए अच्छी पहल है जिससे नागरिकों को जानकारी समय से मिल रही है।