नरसिंहपुर। संयुक्त संचालक लोक शिक्षण जबलपुर प्राचीश जैन की अध्यक्षता में हाई एवं हायर सेकेण्डरी की बोर्ड परीक्षा के उत्कृष्ट परिणाम एवं शासन की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं के समुचित क्रियान्वयन के संबंध में जिले के समस्त हाई स्कूल हायर सेकेण्डरी विद्यालयों के प्राचार्यों की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक जिला शिक्षा प्रशिक्षण संस्थान में सम्पन्न हुई।
बैठक में एपीसी दीपक अग्निहोत्री ने बैठक प्रमुख एजेंडा के अनुसार सत्र 2024-25 का विद्यालय का त्रैमासिक व अर्द्धवार्षिक परीक्षा परिणाम, कक्षा दसवीं एवं बारहवीं वर्ष 2024 का बोर्ड परीक्षा परिणाम तथा वर्ष 2025 के बोर्ड परीक्षा परिणाम में वृद्धि के लिए एक्शन प्लान और अन्य विषय की जानकारी दी।
बैठक में संयुक्त संचालक लोक शिक्षण जबलपुर जैन ने कहा कि बच्चों का परीक्षा परिणाम हमारा दर्पण है, जो यह बताता है कि विद्यालय में वर्षभर बच्चों को कितनी मेहनत से पढ़ाया। वार्षिक परिणाम बेहतर रहे शिखर पर स्थिर रखना यह हमारी बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। इस पर प्राचार्यों ने आश्वस्त किया।
विकासखंडवार समीक्षा करते हुए सहायक संचालक लोक शिक्षण डीके खरे ने प्राचार्यों को टिप्स देते हुए मिशन मोड में शैक्षणिक कार्य योजना बनाकर छात्र- छात्राओं के ग्रुप विभाजन कर शिक्षक को कक्षा में नियमित शिक्षण की जिम्मेवारी देना, शिक्षक या अतिथि शिक्षकों द्वारा जो पढ़ाया जा रहा है, वह विद्यार्थियों को समझ आ रहा है या नहीं, विषयवार कक्षा में मॉनिटरिंग करें। साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी व विकासखंड शिक्षा अधिकारी को शिक्षकों की ऑनलाइन मॉनीटरिंग, छात्र- छात्राओं की नियमित उपस्थिति, शिक्षकों के अवकाश पर रोक लगाने और पालक से सतत संपर्क करने निर्देश दिए।
जिला शिक्षा अधिकारी अनिल व्यौहार ने हाई एवं हायर सेकेण्डरी वार्षिक परीक्षा की तैयारी पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि हाई एवं हायर सेकेण्डरी वार्षिक परीक्षा परिणाम 85 प्रतिशत से कम आने पर संबंधित विषय के शिक्षक एवं प्राचार्य की दो वेतन वृद्धि रोकने की की कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने अतिरिक्त कक्षा प्रातः काल में अवश्य लगाने, मॉनिटरिंग के लिए जिले से निरीक्षण दल तैयार करने, विधिवत कार्ययोजना के साथ शैक्षणिक गतिविधियों को संचालित करने, बच्चों के घर पर मॉनीटरिंग के लिए प्रत्येक विषय शिक्षक अभिभावक को वार्डन नियुक्त करने, एमपीटीएएएस पोर्टल पर विद्यार्थियों की प्रोफाईल पंजीयन एवं छात्रवृत्ति स्वीकृत कार्य को तत्काल शत-प्रतिशत पूर्ण करने, वर्ष 2023- 24 एवं 2024- 25 के शषे रहे छात्र- छात्राओं के लिए साईकिलें वितरित की जावें, शिक्षा पोर्टल पर विद्यार्थियों के असफल खाते अपडेट करने, जिले में गठित 87 परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा पूर्व आवश्यक व्यवस्था, संस्था में पदस्थ नवीन उमा शिक्षक, उच्च पद प्रभार पर गये उमा शिक्षकों के परीक्षा केन्द्राध्यक्ष व सहायक केन्द्राध्यक्षों के दायित्वों से अवगत कराने के निर्देश दिये। उन्होंने प्रयोगिक परीक्षा के लिए जिन विषय शिक्षकों के तीन वर्ष पूर्ण हो जाने के उपरात (पात्र शिक्षकों) की जानकारी उत्कृष्ट विद्यालय नरसिंहपुर भेजने, परीक्षा पर चर्चा के लिए रजिस्ट्रेशन की कार्यवाही पूर्ण करने, डापबॉक्स, अपारआईडी, जाति प्रमाण पत्र के कार्य की प्रगति, मान्यता फाईल पूर्ण करने के भी निर्देश दिये। जिला शिक्षा अधिकारी ने 31 दिसंबर 2024 की स्थिति में प्राथमिक व माध्यमिक शिक्षकों के स्वीकृत कार्यरत पदों, शून्य शिक्षकों वाली शालाओं, शून्य दर्ज एवं 10 से कम दर्ज नामांकन वाली शालाओं की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिये।
बैठक में लोक शिक्षण जबलपुर से संभागीय वीसी मनोज काशिव, योजना अधिकारी जीके नायक सहित जिले के हाई स्कूल एवं हायर सेकंडरी विद्यालयों के समस्त प्राचार्य, समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी और अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।