विदिशा। 26 जनवरी को होने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। शुक्रवार को पुलिस लाइन में फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की गई, जिसका निरीक्षण अपर कलेक्टर अनिल डामोर ने किया।
रिहर्सल कार्यक्रम में कुल 15 दलों ने हिस्सा लिया, जिनमें तीन आर्म दल- जिला पुलिस बल, महिला पुलिस बल और होमगार्ड के जवान शामिल थे। इसके अलावा, एनसीसी सीनियर एवं जूनियर, स्काउट, गाइड और शौर्य दल के सदस्यों ने भी मार्च पास्ट किया।
मुख्य अतिथि की भूमिका में अपर कलेक्टर हुए शामिल
रिहर्सल के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में अपर कलेक्टर ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे, एसडीएम क्षितिज शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
एडिशनल एसपी डॉक्टर प्रशांत चौबे ने बताया कि सभी दलों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। रिहर्सल में जो भी मामूली कमियां सामने आई, उन्हें दूर करने के लिए दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
इस कार्यक्रम में अलग-अलग स्कूलों के छात्रों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां पिछले कई दिनों से पुलिस परेड ग्राउंड पर चल रही थीं, जिनकी आज अंतिम रिहर्सल संपन्न हुई।