शिवपुरी। गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां पूरी हो गई हैं। तात्या टोपे ग्राउंड पर आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रदुमन सिंह तोमर मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करेंगे।
शुक्रवार को कार्यक्रम की फुल ड्रेस रिहर्सल की गई, जिसमें कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी और एसपी अमन सिंह राठौड़ ने निरीक्षण किया। इस वर्ष परेड में कुल 11 प्लाटून भाग लेंगे, जिनमें पुलिस बल के 2 प्लाटून, होमगार्ड का 1 प्लाटून, वन विभाग का 1 प्लाटून, कॉलेज एनसीसी के 3 सीनियर प्लाटून, एनसीसी एयरविंग का 1 प्लाटून, तथा स्काउट और शौर्य दल का 1 प्लाटून शामिल हैं।
परेड की कमान रक्षित निरीक्षक अनिल कवरेती संभालेंगे, जबकि टूआईसी की जिम्मेदारी भानुप्रताप सिकरवार को सौंपी गई है। सुबह 9 बजे से शुरू हुई रिहर्सल में परेड का निरीक्षण किया गया और 26 जनवरी को होने वाले सभी कार्यक्रमों की प्रस्तुति का पूर्वाभ्यास किया गया। जिले भर में गणतंत्र दिवस समारोह हर्षाेल्लास के साथ मनाया जाएगा।