मंदसौर। शहर में 15 वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर कलेक्टर कार्यालय में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कलेक्टर अदिति गर्ग ने कार्यालय के कर्मचारियों और युवा मतदाताओं को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करते हुए निष्पक्ष मतदान की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह में सभी प्रतिभागियों ने देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा को बनाए रखने का संकल्प लिया। उन्होंने स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखने की प्रतिज्ञा की। कार्यक्रम में यह सुनिश्चित किया गया कि सभी मतदाता धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा या किसी भी प्रकार के प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर एकता जायसवाल सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान के महत्व को रेखांकित करना था।