चित्तौड़गढ़। जिले के 14 पुलिस थानों में जब्तशुदा अवैध डोडाचूरा, गांजा, स्मेक व एमडीएमए को न्यायालय से भौतिक सत्यापन व निर्णय के बाद बुधवार को पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी की उपस्थिति में जिला औषधि व्ययन समिति द्वारा थाना सदर निम्बाहेड़ा के वंडर सीमेंट प्लांट की कीलन में जलाकर नष्ट किया गया। पुलिस द्वारा 82 क्विंटल 47 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा, गांजा, स्मेक व एमडीएमए को नष्ट किया गया ।
पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि, जिले के 14 पुलिस थानों के मालखाना एनडीपीएस एक्ट में जब्तशुदा मादक पदार्थों की वजह से लबालब भरे पड़े थे, जिससे अन्य जब्तशुदा मालों के रखने की समस्या आ रही थी। माल निस्तारण और थाने को स्वच्छ रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय की कार्य प्रणाली शाखा द्वारा संबंधित थानाधिकारियों से माल के निस्तारण के संबंध में प्रस्ताव प्राप्त कर, रिकॉर्ड तैयार किया गया।
उक्त कार्यवाही के दौरान पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह, डीएसपी निम्बाहेड़ा बद्रीलाल व पुलिस निरीक्षक जोधाराम सहित संबंधित 14 थानों के थानाधिकारी एवं मालखाना प्रभारी व कार्यप्रणाली शाखा प्रभारी एएसआई गोविंद कुमार, मनोज कुमार एवं कार्यालय के कर्मचारियों आदि की उपस्थिति में आवश्यक रिकॉर्ड मिलान करने के बाद मादक पदार्थों का वजन किया गया तथा संबंधित मालों के वजन करने व नष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी हो इसके लिए सम्पूर्ण कार्यवाही के समय फोटो ग्राफी व विडियो ग्राफी करवाई गई।