उज्जैन। महू में होने वाले रैली को लेकर उज्जैन कांग्रेस कार्यालय में शुक्रवार को बैठक की गई। जिसमें महू जाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को शामिल होने के लिए योजना बनाई गई। इस मौके पर प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष नूरी खान ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि, 27 जनवरी को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली महू से ‘‘जय बापू-जय भीम-जय संविधान अभियान’’ रैली के आगाज किया जाएगा।
जिसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी और प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं के साथ लाखों की संख्या में कार्यकर्ता और संविधान को मानने वाले अनुयायी शामिल होंगे।
नूरी खान ने कहा कि, केंद्र की भाजपा सरकार में बैठे मंत्री और पूरी भाजपा संविधान का मजाक उड़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। बीते दिनों देश के गृह मंत्री द्वारा संसद में अंबेडकर जी का जिस तरह अपमान किया गया, वह अपमान देश के दलित, शोषित, आदिवासी, गरीब, मजदूर, पिछड़ा वर्ग के लोगों का ही नहीं, देश की हर विचारधारा, हर वर्ग का अपमान है। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उज्जैन से करीब 300 गाड़ियों से महू जाने का लक्ष्य रखा है। जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेसी शामिल होंगे।
भाजपा और आरएसएस ने हमेशा ही संविधान का मजाक उड़ाया
आगे नूरी खान ने कहा कि, राहुल गांधी ने संविधान रक्षा और सम्मान के लिए जो संकल्प लिया, उनके उस संकल्प में कांग्रेस के हर वरिष्ठ नेता, देश भर का कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता और संविधान के लिए एकत्रित होकर जय बापू-जय भीम-जय संविधान अभियान में पूरे उत्साह के साथ शामिल होगा और प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद कर संविधान और बाबा साहेब का अपमान करने पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के लिए उन्हें विवश करेगा।