मंदसौर। शहर की नई आबादी स्थित स्पर्श मदर एंड चाइल्ड केयर क्लीनिक के बाहर गुरुवार सुबह प्रसूता की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा कर दिया। परिजन शव लेकर क्लीनिक पहुंचे और उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए मामले की जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार रतलाम जिले के बोरवनी निवासी 26 वर्षीय पूजा कुंवर का उपचार डॉ. रोशनी जैन के क्लीनिक में चल रहा था। 24 जून को उन्हें मंदसौर के अनुयोग हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां 25 जून को ऑपरेशन के माध्यम से उन्होंने जुड़वां बेटियों को जन्म दिया। डिलीवरी के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।
परिजनों के अनुसार 26 जून को गंभीर हालत में उन्हें अहमदाबाद रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान 8 जुलाई की रात उनकी मौत हो गई।
गुरुवार सुबह परिजन शव लेकर स्पर्श मदर एंड चाइल्ड केयर क्लीनिक पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि प्रसूता की गंभीर स्थिति के बावजूद समय पर रेफर नहीं किया गया। साथ ही उन्होंने उपचार के दौरान चढ़ाए गए रक्त को लेकर भी लापरवाही के आरोप लगाए।
परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक क्लीनिक प्रबंधन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।