नीमच। जिले के ग्राम चैनपुरा में मंगलवार देर रात रिहायशी क्षेत्र में घुसे तेंदुए ने बाड़े में बंधी बकरियों पर हमला कर दिया। बकरियों को बचाने पहुंचे पप्पू उर्फ देवनारायण रावत (40) पर भी तेंदुए ने हमला कर घायल कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
ग्रामीणों के अनुसार तेंदुआ एक ही रात में दो बार बाड़े में घुसा। पहली बार वह बकरियों की आवाज सुनकर पहुंचे लोगों को देखकर भाग गया, लेकिन करीब एक घंटे बाद लौटकर दो बकरियों को घायल कर दिया। इस दौरान पप्पू रावत पर भी उसने हमला कर दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि तेंदुआ पिछले कई दिनों से क्षेत्र में सक्रिय है और मवेशियों को लगातार निशाना बना रहा है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। लोगों ने रातभर जागकर पहरा दिया और वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने तथा गश्त बढ़ाने की मांग की।
सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र में निगरानी शुरू कर दी है। पुलिस एवं वन विभाग तेंदुए की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।