नीमच। नीमच की पावन धरा पर परम पूज्य आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी श्री कैलाशानंद गिरी जी महाराज साहब का आगमन होने जा रहा है। उनके आगमन को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। संतोष चोपड़ा एवं परिवार की पहल से आयोजित इस धार्मिक आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
आयोजन को लेकर संतोष चोपड़ा ने बताया कि वे पिछले एक वर्ष से आचार्य श्री के नीमच आगमन के लिए प्रयासरत थे। करीब दो माह पूर्व हरिद्वार जाकर उन्होंने आचार्य श्री से मुलाकात कर नीमच पधारने का आग्रह किया था। इसके बाद आचार्य श्री ने स्वीकृति प्रदान की, जो नीमचवासियों के लिए गौरव और सौभाग्य का विषय है।
उन्होंने बताया कि 10 जुलाई को शाम 5 बजे आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी जी महाराज निजी विमान से नीमच हवाई पट्टी पहुंचेंगे। उनके साथ अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी रविंद्र पुरी जी महाराज सहित कई संत-महंत भी नीमच आएंगे।
11 जुलाई को टाउन हॉल में होगी धर्मसभा-
संतोष चोपड़ा ने बताया कि आचार्य श्री के दिव्य प्रवचन एवं धर्मसभा का आयोजन 11 जुलाई को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक टाउन हॉल नीमच में किया जाएगा। धर्मसभा में देशभर से संत, महंत, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी रविंद्र पुरी जी महाराज, हरियाणा के संत बाबा कालिदास जी, जयपुर विधायक एवं आचार्य बालमुकुंदाचार्य जी सहित अनेक संतों का सानिध्य प्राप्त होगा।
राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र की हस्तियां होंगी शामिल-
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर, दिल्ली के उपमुख्यमंत्री प्रवेश वर्मा, मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, गुजरात सरकार के मंत्री बावलिया, सांसद सुधीर गुप्ता, सांसद सीपी जोशी, राज्यसभा सदस्य बंशीलाल गुर्जर, विधायक दिलीप सिंह परिहार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा देश-विदेश से आचार्य श्री के अनुयायी, उद्योगपति एवं श्रद्धालुओं के भी शामिल होने की संभावना है।
धर्म और सामाजिक समरसता का संदेश देगा आयोजन-
संतोष चोपड़ा ने कहा कि यह कार्यक्रम किसी एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे नीमच शहर का आयोजन है। उन्होंने कहा कि नीमच की परंपरा रही है कि यहां आने वाले सभी अतिथियों का मिलकर स्वागत किया जाता है। इस आयोजन का उद्देश्य नीमच की धार्मिक पहचान को मजबूत करना और शहर में सुख-समृद्धि एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और शहरवासियों का सहयोग मिल रहा है। महामंडलेश्वर मधुसूदनंद जी महाराज (सेमलिया धाम) के मार्गदर्शन एवं प्रयासों से यह आयोजन संभव हो पाया है।
स्वागत के लिए नीमच तैयार-
आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी जी महाराज के आगमन को लेकर शहर में उत्साह है। स्वागत, सुरक्षा, धर्मसभा एवं अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। श्रद्धालु भी इस ऐतिहासिक धार्मिक अवसर को लेकर उत्साहित हैं।