कुकड़ेश्वर। नगर कांग्रेस कमेटी ने नगर की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर नगर परिषद अध्यक्ष एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र निराकरण नहीं हुआ तो जनआंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन में गायरी चौक से महादेव मंदिर तक सड़क पर अवैध पार्किंग हटाने, नाली एवं सड़क निर्माण, श्मशान घाट मार्ग की सफाई, पात्र आवासहीनों को पट्टे देने, नगर परिषद कार्यालय से बस स्टैंड एवं सब्जी मंडी मार्ग तक बनी सीसी सड़कों की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कर रिपोर्ट सार्वजनिक करने, नालियों की नियमित सफाई, दवा का छिड़काव, अधूरे सार्वजनिक शौचालय का निर्माण पूरा कराने, सब्जी मंडी मार्ग की अधूरी नालियों का निर्माण तथा पेयजल टंकियों की नियमित सफाई की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ये समस्याएं लंबे समय से नगरवासियों को परेशान कर रही हैं। जनहित को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद को तत्काल प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि समय पर समाधान नहीं होने पर नगर हित में व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।