मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना में रेत माफियाओं पर पुलिस कहर बनकर टूट पड़ी। बदमाशों की लात-घूंसों से पिटाई की। जमकर लाठियां भी बरसाई। इस कार्रवाई के बाद रेत का अवैध खनन और परिवहन करने वालों में खौफ है।
दरअसल, चंबल नदी से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन कर बड़ोखर चौराहे पर मंडी लगाई जा रही थी। सूचना मिलते ही स्टेशन रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही रेत से भरे कुछ ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर माफिया भागने लगे। इस दौरान ट्रैक्टर ने एक मंदिर को टक्कर मार दी जिसके बाद चार ट्रैक्टर ट्रॉली समेत 4 रेत माफियाओं को पुलिस ने पकड़ लिया और जमकर पिटाई की।
बता दें कि मुरैना में चंबल नदी से रेत के अवैध परिवहन की शिकायत लगातार सामने आती रहती है। बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि कई बार कार्रवाई करने पहुंचे अफसरों को जान से मारने की भी कोशिश की गई। हालांकि, पुलिस की सख्ती के बाद अब यह माना जा रहा है कि अवैध रेत परिवहन करने वालों पर लगाम लगेगी।