जबलपुर। 15वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर शनिवार को भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्कृति थिएटर में आयोजित जिला स्तरीय समारोह की अध्यक्षता कलेक्टर दीपक सक्सेना ने की। कार्यक्रम में कलेक्टर ने मतदाताओं को शपथ दिलाई और लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए बिना किसी प्रलोभन के विवेकपूर्ण मतदान करने का आह्वान किया।
जिला स्वीप समन्वयक डॉ. प्रमोद श्रीवास्तव के अनुसार, कार्यक्रम में मतदाता जागरूकता और निर्वाचन कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले जिला स्वीप समिति के सदस्यों, बूथ लेवल अधिकारियों और नागरिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर निर्वाचन विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। साथ ही, नए मतदाताओं को वोटर आईडी कार्ड वितरित किए गए।
जबलपुर जिले के मतदाता आंकड़ों के अनुसार, कुल 19,10,507 मतदाताओं में 9,68,586 पुरुष, 9,41,830 महिला और 91 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। कलेक्टर ने विशेष रूप से युवा मतदाताओं से अपील की कि वे देश के उज्जवल भविष्य के लिए अपने मताधिकार का समझदारी से प्रयोग करें।